जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र की राजा बाजार में नशे में धुत कार ड्राइवर ने चार लोगों को रौंद दिया। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर जमकर पिटाई की। साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को कब्जे में ले लिया और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नाई की दुकान से टकराई कार
बता दें कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले दयाशंकर यादव की बेटी बबिता यादव अपनी बेटी काव्या (7) और देवर विनय के साथ मायके से आ रही थी। चरियाही मोड़ के पास नशे में धुत कार ड्राइवर उसे रौंदते हुए महराजगंज की तरफ भाग निकला। इसके बाद दुगौली गांव के पास चारियाही निवासी रमेश यादव को भी रौंद दिया। फत्तुपुर गेट के पास नाई की गुमटी में सवांसा निवासी बबलू शेविंग करा रहे थे। अनियंत्रित कार आकर गुमटी से टकरा गई, जिससे गुमटी गिर गई। नाई और बबलू को भी चोटें आई हैं।
कार ड्राइवर को जमकर पीटा
स्थानीय लोगों ने फत्तूपुर मोड़ के पास दौड़ा कर ड्राइवर को पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने कार में तोड़फोड़ की। इसके बाद नशे में धुत ड्राइवर की जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। ड्राइवर का नाम कमलेश कुमार मौर्या बताया जा रहा है। वह प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। कार पर बजरंग दल का स्टीकर और उपाध्यक्ष लिखा हुआ था।

0 Comments