जौनपुर में नाबालिग से दुराचार और मतांतरण के प्रयास का आरोप, एफआइआर दर्ज J BHARAT NEWS



जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की लापता किशोरी करीब साढ़े पांच महीने बाद घर वापस आई। उसने आपबीती बताई तो स्वजन स्तब्ध रह गए। पिता की तहरीर पर पुलिस नामजद आरोपित के विरुद्ध दुराचार व मतांतरण के लिए प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।


तहरीर के मुताबिक 16 वर्षीय किशोरी गत 25 मार्च की रात में करीब आठ बजे शौच के लिए घर से कुछ दूर गई थी। काफी देर बीत जाने के बाद भी न लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर थक-हारकर बैठ गए। इसी दौरान गत एक सितंबर को बेटी ने फोन कर बताया कि वह बदलापुर बाजार में है। स्वजन गए और उसे घर ले आए। उसने बताया कि बगल के गांव कूंहीकलां का मुश्ताक उसे बेहोश कर लाल रंग की बोलेरो से उठा ले गया था।


दूसरे दिन होश आने पर उसने अपने को ट्रेन में पाया। मुश्ताक उसे मुंबई ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। वहां मुस्लिम धर्म कुबूल करने के लिए डराने-धमकाने के साथ ही रुपये व मकान बनवाने का प्रलोभन देता था। शादी करने के लिए दबाव बनाता था। इन्कार करने पर उसके साथ दुष्कर्म करता था। जब भी वह घर जाने के लिए कहती थी तो पिटाई करता था। किसी तरह मौका पाकर वह भाग निकली। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र का कहना है कि नामजद आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा जाएगा। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments