पैमाइश करने गए राजस्व कर्मियों पर हमला, पांच गिरफ्तार J BHARAT JAUNPUR NEWS LATEST

जौनपुर: लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामराज पट्टी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की शिकायत पर पैमाइश करने गए राजस्व कर्मियों पर बुधवार को मनबढ़ों ने हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने सरकारी दस्तावेज फाड़ डाले और मोबाइल फोन छीन लिया। राजस्व कर्मियों को भागकर जान बचानी पड़ी। खबर लगते ही उच्चाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शिवापार गांव के पास रामराज पट्टी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला कार्यालय का भवन बन रहा है। जिस जमीन पर कार्यालय बन रहा है, उसी से सटी ग्राम समाज की भूमि पर कुछ मनबढ़ कब्जा किए हुए हैं। वह उस पर अपने मवेशी बांधते हैं। इसी की शिकायत पर हल्का लेखपाल राजेश सिंह सहयोगी राजस्व कर्मियों के साथ बुधवार को पैमाइश कर सीमांकन करने गए थे। नापजोख के दौरान कब्जेदार राजस्व कर्मियों पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। राजस्व कर्मियों के प्रतिरोध करने पर उन्होंने हमला कर दिया। लेखपाल और उनके सहयोगियों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। लेखपाल की पिटाई खबर लगते ही जिला प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) राज कुमार द्विवेदी, सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपितों शिव शंकर, प्रदीप, दीपक, विजय शंकर व प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया। लेखपाल की तहरीर पर थाना पुलिस ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने, मारने-पीटने, मोबाइल फोन छीनने, सरकारी कागजात फाड़ने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

0 Comments