जौनपुर :चौकी इंचार्ज के खिलाफ हत्या के प्रयास व छेड़खानी का केस दर्ज


सरायख्वाजा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला से छेड़खानी करने व उसके पति तथा पुत्र पर जानलेवा हमला करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर पूविवि चौकी इंचार्ज राजेश कुमार सिंह व दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा सरायख्वाजा में दर्ज किया गया। इस मामले में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी कोर्ट ने 9 फरवरी 2021 को केस दर्ज करने का आदेश दिया था। लेकिन मुकदमा दर्ज करने में लापरवाही बरती जा रही थी। एसपी को नोटिस व थानाध्यक्ष के खिलाफ अवमानना की कार्यवाई के बाद एफआईआर दर्ज किया गया।



एक महिला कोर्ट में धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका पुत्र सतीश पढ़ने वाला छात्र है। जिला हाथरस में हुए गैंगरेप एवं हत्या की घटना के विरुद्ध क्षेत्र के तमाम लोग पूर्वांचल विवि पुलिस चौकी के सामने 14 अक्टूबर 2020 को धरना प्रदर्शन कर रहे थे। उसी समय सतीश सामान लेने उसी रास्ते से बाजार जा रहा था। प्रदर्शनकारियों के साथ सतीश व अन्य की फोटो व वीडियो पुलिस द्वारा बनाया गया। 15 अक्टूबर 2020 को शाम चौकी इंचार्ज राजेश कुमार सिंह हमराहियों के साथ उसके घर आए। कहा कि तुम्हारा बेटा बहुत बड़ा नेता बनता है। चौकी के सामने प्रदर्शन कर रहा था। जबरन ले जाने लगे। मना करने पर उसे व उसके पति को भी पकड़कर पुलिस चौकी ले गए। सतीश को बेरहमी से पीटा। महिला को पति बचाने लगा तो जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर छेड़खानी किया। सतीश का 151 में चालान कर दिया। इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए कोर्ट ने कार्रवाई की।


Post a Comment

0 Comments