जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुरारा गांव में रविवार देर रात घर के बाहर सो रहे वृद्ध को बदमाशों ने गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने वृद्ध की हालत नाजुक है। बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। इस मामले को 27 साल पहले हुई एक हत्या को लेकर चल रहे प्रतिशोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुरारा निवासी इंद्रसेन सिंह (65) बीती रात अपने घर के सामने मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात करीब एक बजे गोली चलने की आवाज पर परिजनों की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो इंद्रसेन सिंह लहूलुहान थे। उनके गर्दन में गोली मारी गई थी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। आननफानन परिजनों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। केराकत कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभु सत्यवादी सिंह व उसके पुत्र निरंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि एक अन्य आरोपी चंदन सिंह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
0 Comments